पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बनेंगे। भाजपा विधायकों की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह और मीनाक्षी लेखी भी मौजूद रहे। इसके साथ ही राज्य में 11 दिनों से जारी मुख्यमंत्री पद का सस्पेंस खत्म हो गया। दरअसल पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा चुनाव में खटीमा सीट से हार जाने के कारण अन्य नेता भी सीएम पद के लिए दावेदारी करने लगे थे।
उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों को प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत ने सोमवार सुबह शपथ दिलाई। अनुपमा रावत ने सबसे पहले शपथ ली। कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ किसी कारणवश शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंच पाए। विधायक ऋतु खंडूरी और महाराज ने संस्कृत और किशोर उपाध्याय ने गढ़वाली में शपथ ली। इससे पहले राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने बंशीधर भगत को प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ दिलाई थी। शपथ ग्रहण करने के बाद सदस्यों की ओर से विधानसभा अध्यक्ष चुना जाएगा।