जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : उत्तराखंड क्रांति दल प्रदेश की स्थाई राजधानी गैरसैंण के लिए अपनी लड़ाई को तेज करेगा। केंद्रीय प्रवक्ता विजय बौड़ाई ने कहा कि भाजपा ने कभी भी गैरसैंण को राजधानी बनाने के लिये काम नही किया, पूर्व के कई चुनावों में इसको मुद्दा बनाकर सत्ता प्राप्त कर ली। लेकिन इस बार तो भाजपा ने राजधानी मुद्दे को अब अपने दृष्टिपत्र में भी नही रखा, जो कि राज्य आंदोलन के शहीदों का अपमान है। यूकेडी ने हमेशा से स्थायी राजधानी की लड़ाई लड़ी है। और अब इसके लिये निर्णायक लड़ाई लड़ने का समय आ गया है। विजय बौड़ाई ने कहा कि उत्तराखंड में भ्रष्टाचार जोर पकड़ता जा रहा है। जिसके लिये लोकायुक्त का गठन जल्दी किया जाना आवश्यक है। सरकार बुलडोजर चलाने की बात कर रही है लेकिन भ्रष्टाचार पर बुलडोजर कब चलेगा? लोकायुक्त बिल विधानसभा की स्टैंडिंग कमेटी के पास ही है। लोकायुक्त कार्यालय एवं कर्मचारियों पर प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये बिना किसी कार्य के ख़र्च किए जा रहे हैं। इसलिए अब यूकेडी स्थायी राजधानी गैरसैंण व लोकायुक्त के मुद्दे को जोर शोर से उठाएगा। इसके लिए कार्यक्रम भी जनपद वार तैयार किया जा रहा है।